रायगढ़ /रायगढ़ शहर के चांदमारी रोड पर कार सवार दो युवतियों के साथ छेड़खानी की गंभीर घटना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है साथ ही घटना में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा कार क्रमांक CG13 AW 2410 को भी जप्त किया गया है,वही मामले में शामिल अन्य चार आरोपी गिरफ्तारी के भय से फरार हैं जिनकी सघन पतासाजी जारी है।

दरअसल पीड़ित महिला थाना में आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 11 बजे वह अपनी ममेरी बहन के साथ कार से रायगढ़ दवाई लेने जा रही थीं, इस बीच चांदमारी रोड पर कार रोककर वे आवारा कुत्तों को बिस्किट खिला रही थीं, तभी पीछे से एक नीले कलर की ग्रैंड विटारा कार में सवार पांच युवक पहुंचे और उन पर अशोभनीय टिप्पणियां एवं गंदे इशारे करने लगे।
जिससे डरकर दोनों युवतियां अपनी कार लेकर वहां से निकल गईं, परंतु आरोपियों ने उनका पीछा किया और रियापारा तिराहा चौक के पास ओवरटेक कर उनकी कार के सामने अपनी कार अड़ा दी और उनमे से एक युवक कार से उतरकर अशोभनीय हरकत करते हुए अपना नाम प्रदीप पटेल बताया जबकि अन्य साथी भी अश्लील टिप्पणियां करते रहे।
घटना की रिपोर्ट पर महिला थाना में अपराध क्रमांक 09/2026 धारा 78(2), 126(2), 79, 75(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया,महिला थाना प्रभारी द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायगढ़ को अवगत कराते हुए उनके मार्गदर्शन में पुलिस लाइन, थाना कोतवाली के स्टाफ के साथ आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई।
जांच के दौरान ग्रैंड विटारा कार ढिमरापुर स्थित प्रदीप पटेल के घर के सामने मिली किंतु वह फरार था। आगे की जांच में वाहन घटना दिवस पर नरेन्द्र महावर द्वारा चलाया जाना पाया गया, जिसपर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नरेन्द्र महावर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसने प्रदीप पटेल, कमलेश यादव, राहुल गुप्ता एवं संगम त्रिपाठी निवासी सतीगुड़ी चौक रायगढ़ के साथ मिलकर युवतियों का पीछा कर रास्ता रोककर छेड़खानी करना स्वीकार किया, आरोपी नरेन्द्र महावर पिता नथोली राम महावर, उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 1 चांवसारी भवानी स्कूल के पास, थाना सिटी कोतवाली जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाई की जा रही है,साथ ही घटना में शामिल अन्य चारो युवक मामला दर्ज होते ही फरार हो गए थे जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है,




