कोरबा।वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर द एनिमल केयर ऑर्गेनाइजेशन (टाको) के सहयोग से आसपास के गांवों में वन्यजीव संरक्षण को लेकर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रमों का उद्देश्य इस वर्ष की थीम ‘प्रकृति के साथ सौहार्द और सतत विकास’ के अनुरूप समुदाय को जैव विविधता, वन्यजीव व्यवहार और संघर्ष निवारण के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर कोरबा के वन क्षेत्रों में पाए जाने वाले स्लॉथ बियर (भालू की एक प्रजाति) के संरक्षण पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। सत्र में 300 से अधिक ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने भाग लिया। जानवरों के व्यवहार को समझाकर मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के उपाय साझा किए गए। नुक्कड़ नाटक, कहानी और क्विज़ के माध्यम से प्रतिभागियों को संवेदनशील और सुरक्षित व्यवहार अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में जिला वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने स्थानीय जैव विविधता पर उपयोगी जानकारी साझा की और वन-आश्रित समुदायों को पर्यावरणीय जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अभियान को स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों, पर्यावरणविदों और एनजीओज का समर्थन प्राप्त हुआ।
सामुदायिक भागीदारी से संरक्षण की पहल
बालको ने सोशल रिवाइवल ग्रुप ऑफ अर्बन, रूरल एंड ट्राइबल (श्रोत) के साथ मिलकर समुदाय-आधारित संरक्षण पहलों को गति दी है। इनमें वृक्षारोपण, सामुदायिक स्वच्छता अभियान और पशु कल्याण गतिविधियाँ शामिल हैं। यह प्रयास स्थानीय पारिस्थितिक तंत्र की पुनर्स्थापना एवं सतत विकास के लिए किए जा रहे हैं।
बालको के सीईओ एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने कहा,
> “बालको में हम मानते हैं कि वास्तविक प्रगति औद्योगिक विकास और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के संतुलन में है। जैव विविधता दिवस पर हमारी भागीदारी इस दृष्टिकोण को दर्शाती है कि हम स्थानीय पारिस्थितिकी की रक्षा करें और वन्यजीवों के साथ सह-अस्तित्व को बढ़ावा दें।”
स्थानीय समुदाय की सहभागिता सराहनीय
पर्यावरणविद् दिनेश दीक्षित ने कहा कि जंगलों से लगे क्षेत्रों में जैव विविधता के संरक्षण में स्थानीय लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने बालको की इस पहल को वैज्ञानिक जागरूकता और स्थानीय कार्यवाही के बीच सेतु बताया।

ग्रामवासी मंगल सिंह ने कहा,
> “जानवरों के व्यवहार को समझकर हम संघर्ष रोक सकते हैं। सुबह और रात के समय आवाजाही कम रखने से टकराव की संभावना घटती है। बालको द्वारा दी गई जानकारी बेहद उपयोगी रही।”
पशु कल्याण के लिए निरंतर प्रयास
बालको ने पशु संरक्षण के तहत कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं—
3,000 से अधिक पशुओं के लिए रिफ्लेक्टिव कॉलर का वितरण
2,500 पशुओं हेतु स्वास्थ्य शिविर
300 कुत्तों का रेबीज टीकाकरण
वॉटर बाउल चैलेंज के तहत गर्मियों में जल पात्रों की व्यवस्था
टाको की भूमिका
अप्रैल 2022 में प्रारंभ हुआ द एनिमल केयर ऑर्गेनाइजेशन (टाको), वेदांता लिमिटेड की प्रमुख पशु कल्याण पहल है। इसका उद्देश्य आवारा और सामुदायिक पशुओं को समग्र देखभाल प्रदान करना है। इसमें बचाव, पुनर्वास, वृद्ध पशुओं की देखभाल और निःशुल्क ओपीडी सेवाएं शामिल हैं। टाको के तहत एक सुपर स्पेशियलिटी वेटरनरी हॉस्पिटल भी संचालित होता है।
बालको सहित वेदांता लिमिटेड की सभी इकाइयाँ इस मिशन को सक्रियता से आगे बढ़ा रही हैं।