मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में श्रमिक कल्याण योजनाओं को मिली गति
रायपुर, 27 मार्च 2025: छत्तीसगढ़ सरकार ने शुक्रवार को प्रदेश के 1,14,902 श्रमिकों के बैंक खातों में 53.43 करोड़ रुपए की सहायता राशि सीधे ट्रांसफर की। श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ भवन में इस राशि का डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) लॉन्च किया। बीते सवा साल (15 महीने) में अब तक श्रमिकों को लगभग 500 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद दी जा चुकी है।
प्रमुख योजनाओं में हुआ राशि वितरण:
- मिनीमाता महातारी जतन योजना: 5,222 श्रमिकों को 10.44 करोड़
- मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता: 7,029 श्रमिकों को 14.05 करोड़
- नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना: 33,506 बच्चों को 7.13 करोड़
- श्रमिक औजार सहायता: 9,224 श्रमिकों को 3.20 करोड़
- मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता: 9,462 श्रमिकों को 1.41 करोड़
- निर्माण श्रमिक मृत्यु/दिव्यांग सहायता: 378 परिवारों को 3.82 करोड़
- सायकल सहायता: 5,495 श्रमिकों को 2.38 करोड़
“श्रमिकों की तरक्की सरकार की प्राथमिकता”: श्रम मंत्री
श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा, “मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर हम श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। श्रम विभाग की तीनों मंडलों के माध्यम से योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा है।”

समारोह में हुआ चेक वितरण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु सहायता के तहत मनीष मरकाम और मंग्लीन साहू को 1-1 लाख रुपए के चेक दिए गए। वहीं, नोनी सशक्तिकरण योजना में अनीता नाग और संगीता ढीमर को 20-20 हजार रुपए मिले। श्रमिक बिहारी लाल देवांगन और राही साहू को सियान सहायता के तहत 20-20 हजार रुपए प्रदान किए गए।
इस अवसर पर श्रमायुक्त श्रीमती अलरमेल मंगई, सचिव गिरिश कुमार रामटेके, अपर आयुक्त एस.एल. जांगड़े और श्रीमती सविता मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।