Skip to content

हाईवे पर दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु डीटीओ की पहल, मवेशियों को पहनाई गई रेडियम पट्टी

कोरबा। कोरबा से उरगा मार्ग पर सड़क सुरक्षा को लेकर जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) विवेक सिन्हा एवं उड़नदस्ता टीम ने एक सराहनीय पहल की है। अक्सर हाईवे पर विचरने वाले मवेशियों के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। इन हादसों को रोकने के उद्देश्य से पोला पर्व के अवसर पर गायों और बैलों के गले में रेडियम पट्टी बांधी गई।

यह अभियान विशेष रूप से उन क्षेत्रों में चलाया गया, जहां मवेशी रात के समय सड़कों पर बैठ जाते हैं या घूमते रहते हैं। रात के अंधेरे में वाहन चालकों को यह मवेशी दिखाई नहीं देते, जिसके कारण टकराव की घटनाएं होती हैं। अब रेडियम पट्टी लगाने से हेडलाइट की रोशनी पड़ते ही मवेशी दूर से नजर आने लगेंगे और वाहन चालक सतर्क हो सकेंगे।

Ad

इस अभियान को सफल बनाने में टीआई अतुल तिवारी, टीएसआई विजय दीक्षित तथा क्लर्क स्टाफ के सदस्य संजय वस्त्रकार, विकास ठाकुर और चंद्रशेखर देवांगन की भी सक्रिय भूमिका रही। उनकी मेहनत और समर्पण से यह पहल व्यापक स्तर पर संचालित हो सकी।

डीटीओ विवेक सिन्हा ने बताया कि इस पहल से न केवल मवेशियों की जान बचेगी, बल्कि सड़क पर चलने वाले यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं।

उड़नदस्ता टीम ने बताया कि आने वाले दिनों में इस अभियान को और भी बड़े पैमाने पर चलाने की योजना है, ताकि जिले के अन्य संवेदनशील मार्गों पर भी सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके।

स्थानीय नागरिकों ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल त्यौहार के अवसर पर समाज के लिए एक अनोखा संदेश है, जिसमें परंपरा और सुरक्षा दोनों का समावेश है।