कोरबा। हसदेव परियोजना मंडल के अधीक्षण अभियंता के रूप में अपनी उत्कृष्ट सेवाएँ प्रदान करने वाले संजय शर्मा अपने सेवानिवृत्ति के अवसर पर एक प्रेरणादायक पहल के साक्षी बने। शनिवार को निरीक्षण गृह दर्री परिसर में स्मृति स्वरूप फलदार लीची और चीकू के पौधे का रोपण किया गया।
यह पौधारोपण न केवल उनके सेवाकाल का सम्मान है, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संरक्षण के संदेश का प्रतीक भी माना जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने श्री शर्मा के कर्तव्यनिष्ठ, शांत स्वभाव और तकनीकी विशेषज्ञता की सराहना की। सहकर्मियों ने बताया कि अपने कार्यकाल में संजय शर्मा ने परियोजनाओं के क्रियान्वयन, जलसंरक्षण एवं विभागीय प्रबंधन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सेवानिवृत्ति के भावुक क्षणों में संजय शर्मा ने कहा—
“पेड़ लगाना सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रकृति और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। ये पौधे हमारी याद नहीं, हमारी सोच को आगे बढ़ाएँगे।”
इस अवसर पर विभागीय कर्मचारी, पदाधिकारी एवं उनके सहयोगियों की उपस्थिति रही। अंत में सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की।


