रायपुर /राजधानी रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी इलाके में सोलर पैनल लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया, यहाँ मकान के छत पर काम कर रहे दो मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई,वही हादसे में तीसरा मजदूर सुरक्षित बच गया, घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी,

मिली जानकारी के अनुसार रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र स्थित प्रोफेसर कॉलोनी में यह हादसा उस समय हुआ, जब तीन मजदूर एक रिहायशी मकान की छत पर सोलर पैनल स्थापित कर रहे थे, पुलिस ने मृतकों की पहचान 25 वर्षीय प्रमोद चंद्राकर और 19 वर्षीय आशीष चंद्राकर के रूप में की है,घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए,
बताया जा रहा है कि काम के दौरान सोलर पैनल या उसे स्थापित करने में इस्तेमाल किया जा रहा उपकरण ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया,इसके बाद तेज करंट दौड़ने से प्रमोद और आशीष गंभीर रूप से झुलस गए, आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी, वहीं उनके साथ काम कर रहा तीसरा मजदूर इस हादसे में सुरक्षित बच गया,
हादसे की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया, पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है, साथ ही घटना के समय मौजूद तीसरे मजदूर और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, साथ ही तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है ताकि हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके,
फ़िलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हाईटेंशन लाइन के समीप सोलर पैनल लगाने के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं? इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं? पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी…




