रायगढ़ /रायगढ़ साइबर थाना व कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बीड़पारा और रामलीला मैदान में दी दबिश,6.168 किलो गांजा व नशीली इंजेक्शन के साथ 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, एनडीपीएस एक्ट के तहत हुई कार्रवाई, दरअसल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में सीएसपी रायगढ़ मयंक मिश्रा, डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में साइबर थाना एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा बीड़पारा क्षेत्र में अवैध गांजा बिक्री तथा रामलीला मैदान के पास नशीली बुट्रम इंजेक्शन बिक्री की सूचना पर त्वरित रेड कार्रवाई की गई।

कार्रवाई में कुल 6.168 किलो गांजा, 24 नग नशीली बुट्रम इंजेक्शन, 7570 नगदी रकम एवं एक बाइक जब्त कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।वही मुखबिर सूचना पर साइबर थाना एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बीड़पारा स्थित इरशाद खान के मकान में रेड कार्रवाई की।
मौके पर आरोपी इरशाद खान पिता कुर्बान खान उम्र 37 वर्ष निवासी बीड़पारा रायगढ़ को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कमरे में रखी प्लास्टिक बोरी से 06 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 6.168 किलो पाया गया। आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल भी जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका साढू जोगीडीपा निवासी मोहम्मद वसीम पिता बरकत मोहम्मद उम्र 43 वर्ष के साथ मिलकर गांजा बिक्री करता है। मोहम्मद वसीम ने दो दिन पहले उसके घर पर गांजा बिक्री के लिए छोड़ा था ।
सूचना पर पुलिस टीम ने जोगीडीपा पहुंचकर मोहम्मद वसीम को हिरासत में लिया, जिसने ओडिशा से गांजा लाना और बिक्री करना स्वीकार किया। आरोपी वसीम ने यह भी बताया कि उसका एक साथी उन्हें ओड़िशा से गांजा लाकर देता है ।
जिससे संपर्क करने पर उसी ने दो दिन पहले 6 पैकेट गांजा बिक्री के लिए दिया था । गिरफ्तार दोनों गांजा तस्कर आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया है।
इधर साइबर थाना एवं कोतवाली पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक रामलीला मैदान के पास नाबालिग लड़कों को बुट्रम इंजेक्शन के माध्यम से नशा करा रहे हैं, सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां पुलिस को देखकर कुछ युवक भाग निकले, जबकि मोटरसाइकिल पर बैठे सूरज पंडित निवासी सोनिया नगर रायगढ़ एवं विमल केरकेट्टा निवासी संजय नगर बैंक कॉलोनी रायगढ़ को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी सूरज पंडित के कब्जे से 24 नग नशीली Butorphanol Tatrate Injection USP 2mg (Butrum), 02 नग सिरिंज, नगदी रकम 7370/- एवं एक मोबाइल जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने खरसिया निवासी सरोज यादव उर्फ बबलू यादव से इंजेक्शन खरीदकर युवकों एवं नाबालिग बच्चों को बेचने की बात स्वीकार की, आरोपियों के मेमोरण्डम के आधार पर सरोज यादव उर्फ बबलू यादव निवासी खरसिया को घड़ी चौंक रायगढ़ के पास पकड़ा गया,उसके कब्जे से बिक्री रकम में शेष 200/- बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 नग बुट्रम नशीली इंजेक्शन, सिरिंज, 7570/- नगदी रकम, मोबाइल एवं अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक CG13AY3523 जब्त किया है,थाना कोतवाली में आरोपियों के विरुद्ध धारा 123, 275, 286 बीएनएस एवं धारा 77 जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया है।




