रायगढ़ /रायगढ़ में साइबर जागृति अभियान ने पकड़ी रफ्तार, प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राओं तक पहुंचाया जा रहा साइबर सुरक्षा का संदेश,साइबर ठगी के खिलाफ चला जागरूकता अभियान,साइबर अपराध के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का जनजागरूकता अभियान, थाना-चौकी स्तर पर एक साथ हो रहे अनेक कार्यक्रम,रायगढ़ पुलिस ने अब तक 1200 से अधिक लोगों को किया जागरूक,

दरअसल छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेश को साइबर अपराध मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत रायगढ़ जिले में भी व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है,एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में 15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान को जिले में विशेष गति दी गई है,

अभियान के प्रथम सप्ताह में स्कूल-कॉलेजों को केंद्र में रखते हुए थाना एवं चौकी स्तर पर पुलिस टीमों द्वारा विद्यार्थियों, शिक्षकों और युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं,इसी क्रम में 20 अगस्त को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से करीब 1200 छात्र-छात्राओं तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया,

इसी कड़ी में थाना जूटमिल पुलिस द्वारा राजीव गांधी नगर स्कूल जूटमिल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, OTP फ्रॉड, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराध और डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में जानकारी दी। इससे पूर्व थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत के नेतृत्व में जयदेव पाठशाला में भी साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
तो वही थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शासकीय महाविद्यालय तमनार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, सोशल मीडिया पर बरती जाने वाली सावधानियों तथा ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों से साइबर जागरूकता का संदेश अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में कन्या शाला घरघोड़ा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया,कार्यक्रम में छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस ने विशेष रूप से अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर बातचीत करते समय सावधानी बरतने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और किसी भी व्यक्ति के साथ OTP अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश दी,
भूपदेवपुर : ग्राम मुरा स्कूल में विद्यार्थियों को बताया साइबर अपराध से बचने का तरीका
थाना भूपदेवपुर क्षेत्र के ग्राम मुरा हायर सेकेंडरी स्कूल में थाना प्रभारी रोशन कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को साइबर अपराध के बदलते स्वरूप और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल परिजनों अथवा पुलिस को देने की समझाइश दी।
कोतरारोड़ : नंदेली में पुलिस और साइबर टीम ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद
थाना कोतरारोड़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नंदेली में आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, उप निरीक्षक संजय नाग सहित साइबर एवं कोतरारोड़ पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से संवाद करते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल भुगतान से जुड़े साइबर अपराधों के संबंध में जानकारी दी। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।




