Skip to content

शहर के बीचों-बीच धधका एसएस प्लाजाभीषण आग से मची अफरा-तफरी, कई दुकानें जलकर खाक 14 फायर ब्रिगेड मौके पर, अब तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं

कोरबा।
कोरबा शहर के हृदय स्थल स्थित एसएस प्लाजा में मंगलवार को अचानक लगी भीषण आग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पद्मिनी ज्वेलर्स, बालाजी स्टील सहित कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि पूरा प्लाजा और आसपास का क्षेत्र आग और घने धुएं से ढक गया।


10 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात


सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 फायर ब्रिगेड गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने में फायर अमले को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है, हालांकि फैलाव को रोकने के प्रयास जारी हैं।

Ad

दुकानदारों में मचा हड़कंप


आग लगते ही प्लाजा में मौजूद दुकानदारों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कई व्यापारी अपनी जान जोखिम में डालकर सामान बचाने की कोशिश करते नजर आए। आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है, हालांकि नुकसान का आधिकारिक आकलन अभी बाकी है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


पुलिस-प्रशासन मौके पर


घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इलाके को एहतियातन घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया है।


कोरबा सीएसपी भूषण इक्का ने बताया—
“सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। तीन से अधिक दुकानें आग की चपेट में आई हैं। आग पर काबू पाने की कार्रवाई लगातार जारी है। फिलहाल किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।”


इस भीषण हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो प्रशासन और दमकल विभाग की तत्परता का परिणाम माना जा रहा है।