कोरबा |वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगाने की प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग कोरबा द्वारा पाम मॉल परिसर में तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर 5 से 7 नवंबर तक संचालित किया जा रहा है, जिसमें वाहन मालिकों को ऑन-द-स्पॉट HSRP लगवाने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
परिवहन अधिकारी विवेक सिंन्हा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रदेश में सभी वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाना अनिवार्य किया गया है। जिले में अब तक हजारों वाहन मालिकों ने प्लेट लगवा ली है, किंतु बड़ी संख्या में अभी भी पुराने नंबर प्लेट वाले वाहन सड़क पर चल रहे हैं। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए आम नागरिकों की सुविधा के लिए यह शिविर आयोजित किया गया है।

शिविर में वाहन मालिकों की भीड़ देखने को मिल रही है। बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन धारक अपने वाहन के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग, दस्तावेज सत्यापन और नंबर प्लेट फिटिंग की प्रक्रिया पूरी करवा रहे हैं। विभाग की ओर से मौके पर तकनीकी टीम भी तैनात की गई है, जो नंबर प्लेट लगाने और क्यूआर कोड स्कैनिंग की प्रक्रिया सुनिश्चित कर रही है।
आरटीओ कार्यालय की टीम ने बताया कि जिन वाहन मालिकों ने अब तक HSRP नहीं लगवाया है, वे निर्धारित अवधि में शिविर का लाभ उठा सकते हैं। इसके बाद अवैध नंबर प्लेट वाले वाहनों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन के दस्तावेजों के साथ निर्धारित शुल्क जमा कर जल्द से जल्द हाई सिक्योरिटी प्लेट लगवाएं ताकि नियमों के उल्लंघन की स्थिति से बचा जा सके।
शिविर में पाम मॉल प्रबंधन ने भी सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने बताया कि इस तरह के शिविरों से नागरिकों को न केवल सुविधा मिलती है, बल्कि परिवहन विभाग के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।


