रायगढ़ /रायगढ़ जिले के घरघोड़ा पुलिस ने रेलवे लाइन के ओएचई एवं तांबा तार चोरी तथा उठाईगिरी करने वाले चार बदमाशों के सक्रिय गिरोह को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है,

आरोपियों की गिरफ्तारी से थाना घरघोड़ा क्षेत्र में दर्ज रेलवे तांबा तार चोरी के तीन प्रकरणों और मोटरसाइकिल की डिक्की से नकदी चोरी के एक प्रकरण का खुलासा हुआ है,पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 178 मीटर रेलवे तांबा तार तथा 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
दरअसल 22 फरवरी 2026 को प्रार्थी उमेश जोल्हे निवासी टेरम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 फरवरी की रात ग्राम कारीछापर स्थित रेलवे लाइन के पास से अज्ञात चोर रेलवे के ओएचई एवं तांबा तार चोरी कर ले गए थे।
चोरी गए सामान की कीमत लगभग 41 हजार रुपये बताई गई थी। इस संबंध में अपराध क्रमांक 60/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
वही 13 मई 2026 को भानु प्रसाद पैंकरा निवासी चारभांठा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 मई की रात घरघोड़ा रेलवे साइडिंग में खंभा क्रमांक जी-8/09 से जी-5/15 एवं जी-6/01 के मध्य रेलवे तांबा तार चोरी कर लिया गया था।
चोरी गए तार की कीमत लगभग 85 हजार रुपये थी। मामले में अपराध क्रमांक 161/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत विवेचना शुरू की गई थी।
तो तीसरी बार 18 जून 2026 को टोपलाल अगरिया निवासी भेंगारी ने शिकायत दर्ज कराई कि 17 जून की रात छाल-घरघोड़ा रेलवे लाइन के खंभा क्रमांक 27/27 से 27/29 के मध्य रेलवे तांबा तार एवं अन्य सामग्री चोरी कर ली गई थी।
चोरी गए सामान की कीमत लगभग 40 हजार रुपये थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 198/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
रेलवे लाईन से हो रही लगातार चोरियों से परेशान घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू द्वारा सक्रिय मुखबिरों से लगातार जानकारी जुटाई जा रही थी।
पुख्ता सूचना मिलने पर आज ढोरम बायपास में घेराबंदी कर संदेही मनोज धनवार, शशिभूषण दास बैरागी, अजय धनवार और लखन राठिया को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में चारों आरोपियों ने रेलवे तांबा तार चोरी एवं उठाईगिरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
आरोपियों की निशानदेही पर मुस्कुरा जंगल से लखन राठिया के कब्जे से 72 मीटर तांबा तार कीमती 56,160 रुपये, मनोज धनवार के कब्जे से 40 मीटर तांबा तार कीमती 31,200 रुपये तथा शशिभूषण दास बैरागी के कब्जे से 66 मीटर तांबा तार कीमती 51,480 रुपये बरामद किया गया। आरोपी अजय धनवार के कब्जे से 3 हजार रुपये नकद जब्त किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रेलवे लाइन से चोरी किए गए तांबा तार और अन्य सामान को घूम-घूमकर खरीदने वाले फेरी कबाड़ियों को बेच देते थे और कुछ चोरी का माल मुस्कुरा जंगल में छिपाकर रखा गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।




