रायगढ़ / राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 अंतर्गत हेलमेट पहनने जागरूकता लाने महिला पुलिस व “दिव्य शक्ति रायगढ़” ने निकाली रैली,एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी व डीएसपी यातायात उत्तम प्रताप सिंह ने दिखाई हरी झंडी, डीएसपी साधना सिंह के साथ साथ महिला टीम ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने व यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश,

दरअसल रायगढ़ पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता के उद्देश्य से दिनांक 01.01.26 से 31.01.26 तक “राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026” मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जिलेभर में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में डीएसपी साधना सिंह के नेतृत्व में महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं प्रतिष्ठित महिला समूह “दिव्य शक्ति रायगढ़” के सदस्यों द्वारा हेलमेट जागरूकता रैली निकाली गई। रैली की शुरुआत थाना यातायात परिसर से हुई, जिसे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, उप पुलिस अधीक्षक यातायात उत्तम प्रताप सिंह एवं महिला समूह “दिव्य शक्ति रायगढ़” की श्रीमती कविता बेरिवाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
रैली शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का भ्रमण करते हुए पुनः थाना यातायात में समाप्त हुई, रैली में शामिल महिलाओं ने हाथों में यातायात जागरूकता तख्तियां लेकर आम नागरिकों को हेलमेट पहनने का संदेश दिया, रैली के दौरान महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, “दिव्य शक्ति रायगढ़” की सदस्याएं सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने हेलमेट लगाने व यातायात नियमों के पालन का संकल्प लिया,
वही एडिशनल एसपी अनिल सोनी ने सामाजिक संगठनों की सहभागिता को सराहनीय बताते हुए कहा कि महिला समूह “दिव्य शक्ति रायगढ़” का यह प्रयास समाज में सुरक्षित यातायात का सकारात्मक संदेश दे रहा है, उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।




