कोरबा/कोरबा शहर में रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल में लगे लोहे के पुल/रेलिंग को गैस कटर से काटकर चोरी करने वाले कबाड़ चोर गिरोह का कोरबा पुलिस ने खुलासा करते हुए 15 आरोपियों में से 5 को गिरफ्तार किया है, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 01 टाटा एस (छोटा हाथी) वाहन, 01 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, गैस कटर मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर, एलपीजी सिलेंडर, मोबाइल फोन सहित 6,000/- नकद जब्त किए हैं,साथ ही आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 5 टन कटी हुई लोहे की रेलिंग भी बरामद की गई है।

दरअसल चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज शिकायत के मुताबिक बीते 17 जनवरी 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों द्वारा रशियन हॉस्टल के पास नहर पुल में लगी लोहे की रेलिंग को गैस कटर से काटकर चोरी कर लिया गया था, मामले में अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 303(2), 112(2), 317(2)(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई, कोरबा पुलिस की साइबर सेल कोरबा और चौकी सीएसईबी पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और सतत पतासाजी के आधार पर कुल 15 आरोपियों की पहचान की जिनमें से 5 को गिरफ्तार किया गया,पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना को स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में लोचन केवट, जयसिंह राजपूत, मोती प्रजापति, सुमित साहू तथा केशवपुरी गोस्वामी उर्फ पिच्चर शामिल हैं, सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है,पुलिस ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वही कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या चोरी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके…




