Skip to content

मोबाइल दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा,ट्रेन से भागते आरोपी को पुलिस टीम ने चलती ट्रेन में दबोचा…

रायगढ़ / शहर में गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल शॉप में हुई 16 नग आईफोन चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी आकाश चौहान को गिरफ्तार कर लिया है, पुलिस की कार्रवाई में चोरी गए सभी 16 आईफोन की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है तथा एक सहयोगी आरोपी लकेश्वर को भी गिरफ्तार किया गया है।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने प्रेस को बताया कि बीते दिनों रायगढ़ शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में 09 मार्च 2026 की रात चोरी की घटना सामने आई थी,दुकान संचालक मोहम्मद फारुक निवासी लक्ष्मीपुर द्वारा पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार वे रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे।

अगले दिन सुबह लगभग 10:00 बजे जब वे दुकान पहुंचे और शटर खोलकर अंदर गए तो शोकेस काउंटर में रखे मोबाइल फोन अस्त-व्यस्त मिले, जांच करने पर पता चला कि दुकान की दूसरी मंजिल के दरवाजे का लॉक तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुसा और ग्राउंड फ्लोर स्थित दुकान से 16 नग आईफोन तथा काउंटर में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया।

घटना की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 111/2026 धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई,जांच के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश तेज की गई।

इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि संदेही मोबाइल का उपयोग कर रहा है, जिस पर साइबर टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण कर उसकी लोकेशन ट्रेस की गई, पुलिस टीम तत्काल रायपुर पहुंची और रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों पर आरोपी की तलाश शुरू की गई,इसी दौरान आरोपी ट्रेन में बैठकर रायगढ़ की ओर आ रहा था, जिसे चलती ट्रेन में ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश चौहान पिता मनोहर चौहान उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम कलमी थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई है,पूछताछ में आरोपी ने सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया तथा यह भी बताया कि उसने जनवरी 2026 में अपने साथियों के साथ बोईरदादर चौक स्थित साहा मोबाइल दुकान में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

आरोपी ने बताया कि वह रायपुर से ट्रेन में बैठकर रायगढ़ आया और दुकान के पीछे निर्माणाधीन हिस्से के पास लगी लोहे की सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़कर दूसरी मंजिल का लॉक तोड़कर दुकान में घुसा और शोकेस में रखे 16 नग आईफोन को एक काले रंग के बैग में भर लिया तथा काउंटर से नकदी लेकर उसी रास्ते से फरार हो गया।

पुलिस द्वारा आरोपी आकाश चौहान से चोरी के 15 नग आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है,वहीं चोरी का एक आईफोन उसके साथी लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा पिता कनीराम चंद्रा उम्र 21 वर्ष निवासी सोनूमुड़ा, रायगढ़ के कब्जे से बरामद कर उसे भी गिरफ्तार किया गया है।

दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है, साथ ही चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में दर्ज पूर्व चोरी मामले में आरोपी को पृथक से पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी-1- आकाश चौहान पिता मनोहर चौहान उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम कलमी थाना कोतरारोड़ 2- लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा पिता कनीराम चंद्रा उम्र 21 वर्ष निवासी सोनूमुड़ा, रायगढ़

बरामदगी- 16 चोरी गए आईफोन मोबाइल और बाइक कुल कीमत लगभग 14 लाख 15 हजार रुपये,

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, उपनिरीक्षक ऐनु देवांगन, दिनेश मिंज, प्रधान आरक्षक करुणेश राय, रेणू सिंह मंडावी, आरक्षक प्रशांत पण्डा, महेश पण्डा, पुष्पेंद्र जाटवर, विक्रम सिंह, प्रताप बेहरा, रविन्द्र गुप्ता और थाना कोतवाली के उत्तम सारथी, मनोज पटनायक, कमलेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।