बिलासपुर / मोबाइल फोन की लत एक युवक को इतना हैवान बना सकती है वो इसके लिए किसी भी हदतक गिर सकता है,इसका एक खौफनाक उदाहरण जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, यहां एक 19 साल के युवक ने अपने दोस्त का सिर्फ मोबाइल फोन छीनने के लिए उसका गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी, रतनपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है,
दरअसल बीते 1 अगस्त 2025 को धनंजय सूर्यवंशी ने अपने नाबालिग भतीजे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई,उन्होंने बताया कि उनका भतीजा 31 जुलाई को शाम 4:30 बजे अपना मोबाइल लेकर घर से निकला था जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा, पुलिस ने तुरंत अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की,पुलिस टीम ने तकनीकी मदद और मोबाइल लोकेशन के जरिए लापता बच्चे की तलाश शुरू की जिसके बाद उसका शव भरारी गांव के एक बंद पड़े स्कूल के कमरे में मिला,


जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के दोस्तों से पूछताछ की जिसमें एक दोस्त छत्रपाल सूर्यवंशी (19) पर शक गहराया, जब पुलिस ने कड़ाई से छत्रपाल से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया,आरोपी ने बताया कि वह अपने दोस्त के मोबाइल पर गेम खेलना चाहता था, लेकिन जब उसके दोस्त ने मोबाइल देने से इनकार कर दिया तो उसने मोबाइल छीनने की योजना बनाई और विरोध करने पर उसने गुस्से में आकर दोस्त का गला घोंट दिया और उसकी हत्या कर दी,
इस मामले को सुलझाने में रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान के साथ उपनिरीक्षक मेलाराम कठौतिया, कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक देवानंद चंद्राकर, आकाश डोंगरे और धनराज कुम्भकार का महत्वपूर्ण योगदान रहा,पुलिस की तत्परता और जांच की वजह से इस गंभीर अपराध का खुलासा हो पाया।



