कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के कुदरी गांव में बुधवार–गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब कबाड़ व्यवसाय से जुड़े तीन लोगों की रहस्यमयी मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुरेश साहू (तुलसी नगर कोरबा), मोहम्मद अशरफ मेमन (पुरानी बस्ती कोरबा) और नीतीश कुमार (दुर्ग) के रूप में हुई है।
50 गुना रकम बढ़ाने का झांसा!

प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है—तीनों को 5 लाख रुपये को तंत्र-मंत्र के जरिए 2.5 करोड़ रुपये में बदलने का लालच दिया गया था। इसी कथित ‘रिचुअल’ के दौरान तीनों की स्थिति बिगड़ी और उनकी मौत हो गई।
घटना कबाड़ी व्यवसाय से जुड़े एक व्यक्ति के फार्म हाउस में हुई, जहां तंत्र-मंत्र के लिए एक विशेष कमरे जैसी व्यवस्था भी बनाई गई थी। सूत्रों के अनुसार बिलासपुर से एक बैगा और उसकी टीम इस क्रिया के लिए कुदरी गांव पहुंची थी।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों ने बड़ी गंभीर आरोप लगाए हैं—
मृतकों के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान मिले
एक मृतक के मुंह में नींबू भी पाया गया
परिवार का दावा है कि तीनों के साथ मारपीट या जोर-ज़बरदस्ती की गई होगी
पुलिस ने बैगा और 3 अन्य को लिया हिरासत में
पुलिस ने घटनास्थल से बैगा और उसके साथ आए तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जांच में शामिल हैं—
मृतकों की मोबाइल कॉल डिटेल
घटनास्थल पर मिले सामान
बैगा और उसकी टीम की गतिविधियां
आर्थिक ठगी व हत्या की आशंका
फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटा रही है।
शहर में दहशत और दहला देने वाला सवाल
इस घटना ने कोरबा और आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैला दी है। लोग अवाक हैं कि रकम कई गुना करने के लालच में ऐसी जानलेवा हरकत कैसे हो सकती है! शहर में बेचैनी है और परिजनों में गहरा आक्रोश।
अब सबकी नजरें पुलिस की विस्तृत जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के परिणामों पर टिकी हुई हैं।


