नई दिल्ली /हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर स्थित ब्रजघाट प चार युवक प्लास्टिक के पुतले को शव बताकर उसका अंतिम संस्कार करने पहुंच गए, स्थानीय लोगों को युवकों की संदिग्ध हरकतें देखकर शक हुआ। जब कफन हटाया गया तो अंदर से असली शव की बजाय प्लास्टिक का पुतला निकला,भीड़ ने दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दो फरार हो गए।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड दिल्ली के कैलाशपुरी निवासी कमल सोमानी है, जिस पर 50 लाख रुपये का कर्ज था। उसने अपनी दुकान में काम कर चुके अंशुल कुमार के आधार-पैन कार्ड से उसके नाम पर 50 लाख का बीमा करा रखा था। योजना थी कि पुतले का दाह संस्कार करके नकली मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाकर बीमा राशि हड़प ली जाए।

अंशुल से संपर्क करने पर पता चला कि वह प्रयागराज में स्वस्थ है और उसे किसी भी बीमा या योजना की जानकारी नहीं थी। इससे बीमा धोखाधड़ी की पुष्टि हो गई। गाड़ी से और भी पुतले मिले, जिससे बड़े रैकेट की आशंका बढ़ गई। पुलिस ने कमल सोमानी सहित आरोपियों पर धोखाधड़ी और साजिश की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और फरार युवकों की खोज जारी है।



