Skip to content

बालको फोटोग्राफी प्रदर्शनी ‘मल्हार 3.0’ संपन्न

कोरबा, 01 सितंबर, 2025।वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर भव्य ‘मल्हार 3.0’ फोटोग्राफी प्रदर्शनी एवं कार्यशाला का आयोजन किया। बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार ने फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस मौके पर कर्मचारियों द्वारा खींची गई प्राकृतिक सौंदर्य और जीवन के विविध रंगों को दर्शाती तस्वीरों को प्रदर्शित किया गया, जिनकी आगंतुकों ने जमकर सराहना की।

दो दिवसीय कार्यक्रम में ‘आर्कियोलॉजिकल वंडर्स’, ‘नेचुरल स्केप्स’ और ‘कल्चर केलिडोस्कोप’ जैसी प्रतियोगी थीम पर आधारित छायाचित्र आकर्षण का केंद्र रहे। साथ ही कंपनी की विरासत और सामुदायिक विकास यात्रा को भी तस्वीरों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। निर्णायक मंडल में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ फोटोग्राफर गोकुल सोनी और दिल्ली के युवा फोटोग्राफर बिबेक चेत्री शामिल रहे, जिन्होंने तीनों वर्गों में विजेताओं का चयन किया।

Ad

कार्यक्रम स्थल पर ‘सेल्फी कॉर्नर’ और ‘विंटेज टू मॉडर्न कैमरा गैलरी’ ने विशेष आकर्षण बटोरा। यहां दर्शकों ने कैमरा तकनीक और फोटोग्राफी उपकरणों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। बालको कर्मचारियों, उनके परिजनों और विद्यालयों के छात्रों के लिए खुली यह प्रदर्शनी सभी के लिए अविस्मरणीय अनुभव साबित हुई।

सीईओ एवं निदेशक राजेश कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा – “फोटोग्राफी हमें सिखाती है कि सुंदरता हर छोटे से छोटे दृश्य और क्षण में छिपी होती है। ‘मल्हार 3.0’ कर्मचारियों की रचनात्मकता और कल्पनाशक्ति को सामने लाने का सशक्त मंच है। तकनीकी दक्षता और कलात्मक दृष्टिकोण मिलकर संगठन को नई दिशा प्रदान करते हैं।”

लगातार तीसरे वर्ष आयोजित इस प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण फोटोग्राफी कार्यशाला रही, जहां प्रोफेशनल फोटोग्राफर्स ने कैमरा हैंडलिंग, लाइटिंग, एंगलिंग, कंपोज़िशन और मोबाइल फोटोग्राफी जैसी बारीकियों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।