कोरबा।भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा जिला स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। बालको अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक सिन्हा के नेतृत्व में इस अभियान के अंतर्गत 757 से अधिक बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई गई।
अभियान का शुभारंभ बालको अस्पताल परिसर से बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल कर्मियों की टीम ने पूरे समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाया।
10 से अधिक स्थानों पर लगे टीकाकरण शिविर
बालको अस्पताल द्वारा 10 से अधिक प्रमुख स्थलों पर अस्थायी शिविर एवं चलित मोबाइल वैन के माध्यम से टीकाकरण किया गया। इनमें प्रमुख रूप से —
बालको अस्पताल
भदरापारा
कैलाश नगर
परसाभाठा
चेकपोस्ट
सतनाम नगर
दैहानपारा
बालको बस स्टैंड
बेलगिरी बस्ती
सेक्टर-3 दुर्गा पूजा पंडाल
सेक्टर-4 गैस एजेंसी
शामिल रहे। इसके अलावा मोबाइल वैन के माध्यम से दूरस्थ और आवासीय क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक दी गई।
डोर-टू-डोर अभियान से हर बच्चे तक पहुंचने का संकल्प
अस्पताल प्रशासन द्वारा यह भी बताया गया कि आगामी दो दिनों तक डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी बच्चा पल्स पोलियो टीकाकरण से वंचित न रह जाए। विशेष रूप से बस स्टैंड एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में शिविर लगाए गए, जिससे यात्रा कर रहे परिवारों के बच्चों को भी आसानी से दवा पिलाई जा सके।
इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने अभिभावकों को पोलियो उन्मूलन के महत्व के प्रति जागरूक किया और बच्चों के नियमित टीकाकरण पर जोर दिया।
बालको अस्पताल: भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र
बालको अस्पताल कंपनी के कर्मचारियों, उनके परिजनों, ठेका श्रमिकों एवं स्थानीय नागरिकों को निरंतर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं से युक्त 10 आईसीयू बेड एवं 6 पीडियाट्रिक्स आईसीयू बेड उपलब्ध हैं, जहां गंभीर रोगियों का इलाज एमडी मेडिसिन विशेषज्ञों की निगरानी में किया जाता है।
हर वर्ष बालको अस्पताल छत्तीसगढ़ के कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर एवं जांजगीर-चांपा जिलों से आने वाले लाखों मरीजों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचा रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति बालको की प्रतिबद्धता
बालको अस्पताल सरकार द्वारा संचालित सभी राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति अपनी मजबूत प्रतिबद्धता को निरंतर साबित कर रहा है। पल्स पोलियो अभियान में सक्रिय सहभागिता इसी सामाजिक दायित्व का सशक्त उदाहरण है।



