Skip to content

फर्जी ऑनलाइन पेमेंट दिखाकर ठगी करने वाला युवक गिरफ्तार…

रायगढ़/ रायगढ़ शहर के जूटमिल पुलिस ने पेट्रोल पंप पर फर्जी ऑनलाइन भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाकर पेट्रोल भरवाने और बिना भुगतान किए फरार होने वाले युवक को गिरफ्तार किया है,दरअसल बीते 31 जुलाई 2026 को दर्रामुड़ा स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के संचालक अमित कुमार गुप्ता ने थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी,
 कि पिछले लगभग दो माह के दौरान एक अज्ञात युवक मारुति सुजुकी बलेनो कार से दो बार पेट्रोल पंप पहुंचा और पहली बार 7 जून 2026 की रात करीब 10:24 बजे 2,500/- तथा दूसरी बार 25 जुलाई 2026 की रात 12:09 बजे 3,600/- का पेट्रोल भरवाकर उसने क्यूआर कोड से भुगतान करने की बात कही और मोबाइल में फर्जी भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाकर कर्मचारियों को झांसा देते हुए तेज गति से वाहन लेकर फरार हो गया,दोनों घटनाओं में पेट्रोल पंप संचालक को कुल 6,100/- की आर्थिक क्षति हुई,


पंप संचालक के  रिपोर्ट पर थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 429/2026 धारा 318(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई,और जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों तथा झलमला टोल प्लाजा सहित अन्य स्थानों के फुटेज का बारीकी से परीक्षण किया,

 
 शिकायतकर्ता एवं कर्मचारियों ने वाहन की विशेष पहचान बताते हुए जानकारी दी कि बलेनो कार की आगे-पीछे की नंबर प्लेट काली पट्टी से ढकी हुई थी, बाएं ओर काले रंग का मिरर कवर, दाहिनी ओर सफेद-काले रंग का मिरर कवर तथा डिक्की के पास क्षतिग्रस्त प्लास्टिक की मरम्मत का निशान था,
 
 इन विशिष्ट चिन्हों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध वाहन सीजी-13-एक्यू-2394 को चिन्हित किया,और पेट्रोल पंप कर्मचारियों से वाहन की शिनाख्त कराने पर पुष्टि हुई कि यही वाहन घटना में प्रयुक्त हुआ था, इसके बाद चालक मयंक शर्मा एवं वाहन स्वामी उसके पिता से पूछताछ की गई,
 
पूछताछ में चालक मयंक शर्मा निवासी वार्ड क्रमांक-02, बावलीकुआं, श्रमिक स्कूल के पीछे, थाना कोतवाली रायगढ़ ने दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया,आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की मारुति सुजुकी बलेनो कार एवं उसके दस्तावेज जब्त किए गए, विवेचना में आरोपी द्वारा छलपूर्वक बेईमानी करने का अपराध पाए जाने पर प्रकरण में धारा 318(4) बीएनएस भी जोड़ी गई,

आरोपी मयंक शर्मा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है, जूटमिल पुलिस की तकनीकी जांच, सीसीटीवी विश्लेषण और सूक्ष्म विवेचना से इस धोखाधड़ी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया,,