Skip to content

प्रेम विवाह का दुखद परिणाम,फांसी के फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव….

बेमेतरा /बेमेतरा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम हरदी में एक नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई, मृतका की पहचान आरती साहू के रूप में हुई है, घटना के बाद मायके पक्ष ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है,

मिली जानकारी के अनुसार आरती साहू ने करीब दो वर्ष पूर्व गांव के ही विश्वजीत बघेल से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था, विवाह के बाद दोनों गांव से बाहर रहकर मजदूरी करते हुए जीवन-यापन कर रहे थे, बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही दोनों अपने गृह ग्राम हरदी लौटे थे।

मृतका के पिता ओमप्रकाश साहू का आरोप है कि उनकी बेटी को मायके की जमीन के बंटवारे को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, उनका कहना है कि आरती की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया।

उन्होंने नवागढ़ थाना में लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, इधर घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले के हर पहलू की जांच किए जाने की बात कही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया। फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।