रायपुर / राजधानी रायपुर में आज वेलेंटाइन डे के मौके पर प्यार के इजहार की जगह तकरार और मारपीट की तस्वीरें सामने आईं। शहर के एक प्रमुख इलाके में स्कूल ड्रेस पहने छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। विवाद की वजह एक ‘छात्रा’ (गर्लफ्रेंड) को लेकर आपसी रंजिश बताई जा रही है। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि सड़क रणक्षेत्र में तब्दील हो गई और छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब एक गुट के लड़के ने दूसरे गुट के लड़के की कथित गर्लफ्रेंड पर छींटाकशी की। इसके बाद दोनों तरफ से फोन करके अन्य साथियों को बुला लिया गया। वेलेंटाइन डे की दोपहर जब शहर में चारों ओर पुलिस की पेट्रोलिंग थी, उसी दौरान इन छात्रों ने कानून की परवाह किए बिना एक-दूसरे पर हमला बोल दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूली छात्र एक-दूसरे को बेल्ट और लात-घूंसों से बेरहमी से पीट रहे हैं। शोर-शराबा सुनकर जब तक स्थानीय लोग और राहगीर उन्हें शांत कराने पहुँचे, तब तक कई छात्र चोटिल हो चुके थे।




