रायगढ़ / नवीन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में बड़ा कदम, रायगढ़ पुलिस के विवेचकों को मिले स्मार्ट मोबाइल (MDT),डिजिटल साक्ष्य संकलन से लेकर ऑनलाइन विवेचना तक तकनीक आधारित पुलिसिंग को मिलेगा नया आयाम,क्राइम मीटिंग में एसएसपी ने थाना प्रभारियों को वितरित किए स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल, गुणवत्तापूर्ण विवेचना पर दिया जोर,

दरअसल नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी एवं तकनीक आधारित क्रियान्वयन की दिशा में रायगढ़ पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है यहाँ पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ द्वारा नवीन कानूनों के अनुरूप विवेचना को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं वैज्ञानिक बनाने के उद्देश्य से जिले के विवेचकों के लिए उपलब्ध कराए गए 105 स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) का वितरण पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित क्राइम मीटिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वारा थाना प्रभारियों को किया गया।
इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) लागू होने के बाद विवेचना प्रक्रिया में डिजिटल तकनीक की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

उन्होंने कहा कि इन मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) के माध्यम से विवेचक घटनास्थल पर ही आवश्यक डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कर सकेंगे, जिससे अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ेगी और न्यायालय में अभियोजन पक्ष और अधिक सशक्त होगा। इससे विवेचना की पारदर्शिता, गति एवं विश्वसनीयता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा,
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों एवं विवेचकों को निर्देशित किया कि प्रदत्त स्मार्ट मोबाइल का उपयोग केवल शासकीय कार्यों में करें तथा नवीन कानूनों के अनुरूप तकनीक आधारित अनुसंधान, डिजिटल साक्ष्य संकलन और गुणवत्तापूर्ण विवेचना को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।




