रायगढ़ / कोतरा रोड थाना क्षेत्र स्थित किरोड़ीमल नगर के वार्ड क्रमांक 09 में मजदूरी के लिए दबाव बनाने को लेकर उपजा विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया, दरअसल गैलवे कंपनी के लिए काम करने वाले बाहरी मजदूरों ने स्थानीय निवासी गोविंद राम नेताम और उनके पुत्र छवि नेताम पर महाराजा गेट बंद कर जानलेवा हमला कर दिया,
इस गंभीर मामले में कोतरारोड़ पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए हत्या के प्रयास के तहत कार्रवाई की है और घटना में शामिल सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब पीड़ित गोविंद राम नेताम का पुत्र छवि नेताम घबराया हुआ घर पहुँचा और उसने बताया कि मोहल्ले में किराये पर रह रहे कुछ युवक उस पर जबरन काम करने का दबाव बना रहे हैं।


विरोध करने पर उन युवकों ने उसके साथ गाली-गलौच और अभद्रता की,जब गोविंद राम नेताम अपने पुत्र के साथ मामले को सुलझाने और समझाने के लिए उन युवकों के ठिकाने पर पहुँचे तो आरोपियों ने अचानक उग्र होकर घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।तभी हत्या की नीयत से लैस आरोपियों ने पिता-पुत्र को घेरकर उन पर हमला बोल दिया, जिसमें मुख्य आरोपी बुधमन उरांव ने डंडे से गोविंद राम के सिर पर प्रहार किया, जिससे वे लहूलुहान हो गए।
मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर झारखंड निवासी सभी आठ आरोपियों को हिरासत में लिया गया और पकड़े गए सभी आरोपियों की पहचान बुधमन उरांव, अशोक उरांव, कार्तिक उरांव, प्रकाश गोप, मनोज उरांव, मंगलदीप उरांव, अरूण करमाली और दीपक उरांव के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कोतरारोड़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को कड़ा संदेश दिया है।



