Skip to content

पड़ोसियों के उकसाने के कारण पत्नी घर छोड़कर गई इस शक में शराबी ने कर दिया ये कांड–

गरियाबंद /गरियाबंद जिले के शोभा थाना क्षेत्र के पेंड्रा गांव में एक सनसनीखेज अनोखा वारदात सामने आया है,यहाँ एक शराबी ने पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से क्रोधित होकर पड़ोसी की हत्या कर दी, और वारदात के बाद आरोपी खुद को घर के अंदर बंद कर लिया, जिसे बाहर निकालने के लिए पुलिस को घंटों    कड़ी मशक्कत करनी पड़ी,

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय हीरा नागेश ने अपने पड़ोसी 38 वर्षीय खोलबहरा नागेश पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया,इस हमले में खोलबहरा नागेश की मौके पर ही मौत हो गई। इससे पहले आरोपी ने 25 वर्षीय नरेंद्र नागेश पर भी जानलेवा हमला किया था, हालांकि नरेंद्र किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला,घायल युवक का इलाज मैनपुर अस्पताल में जारी है,

घटना की सूचना मिलते ही शोभा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आरोपी ने खुद को अपने घर के अंदर बंद कर लिया और पुलिस टीम पर हमला करना शुरू कर दिया, शुरुआती प्रयास में जब जवान आरोपी को पकड़ने पहुंचे तो उसने गुलेल से हमला किया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल भी हुए,

स्थिति गंभीर होने पर मैनपुर पुलिस और एसडीओपी की टीम को मौके पर बुलाया गया,आरोपी लगातार घर के अंदर से विरोध करता रहा और बाहर निकलने को तैयार नहीं हुआ,पुलिस ने आरोपी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए विशेष रणनीति अपनाई,

जवानों ने हेलमेट पहनकर सुरक्षा घेरे में कार्रवाई की और मकान की छत से अंदर मिर्ची का धुआं छोड़ा गया, इसके बाद आरोपी घर से बाहर निकला और बाहर आते ही आरोपी ने फिर पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की और करीब 200 मीटर तक जवानों को दौड़ाता रहा,जिसपर काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने उसे काबू में कर गिरफ्तार कर लिया,इस पूरी कार्रवाई में 50 से ज्यादा जवानों को लगाया गया था,

मामले में शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा ने बताया कि आरोपी की पत्नी जागेश्वरी उसके शराब पीने और आए दिन होने वाले विवादों से परेशान थी, बीती रात दोनों के बीच विवाद हुआ था,इसके बाद सुबह आरोपी के उठने से पहले ही पत्नी घर छोड़कर मायके चली गई, सुबह करीब 6 बजे उठने के बाद आरोपी पत्नी को तलाशने लगा और उसे शक हुआ कि पड़ोसियों के उकसाने के कारण पत्नी घर छोड़कर गई है,

गुस्से में आरोपी ने पहले नरेंद्र नागेश से विवाद किया और फिर खोलबहरा नागेश पर हमला कर दिया, पुलिस के अनुसार, आरोपी राज मिस्त्री का काम करता है और शराब का आदी था,कुछ समय पहले उसने दवा लेकर शराब छोड़ दी थी, लेकिन मानसिक तनाव के कारण दोबारा शराब पीना शुरू कर दिया था,

इसके बाद उसका व्यवहार आक्रामक हो गया था  वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया, सड़क पर लहूलुहान शव देखकर ग्रामीणों में भय फैल गया,आरोपी के आतंक के कारण लोगों ने घरों से निकलना बंद कर दिया,

सुरक्षा को देखते हुए गांव में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी नहीं खोले गए,पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है,आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है,