Skip to content

पटवारी से राजस्व निरीक्षक परीक्षा पेपर लीक मामले में दो फरार आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार….

रायपुर /छत्तीसगढ़ में पटवारी से राजस्व निरीक्षक (आरआई) पद पर पदोन्नति के लिए आयोजित विभागीय परीक्षा 2024 के पेपर लीक मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) को बड़ी सफलता मिली है, मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों वीर सिंह जाटव और अरविंद जाटव को EOW की टीम ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है,

दोनों आरोपियों को रायपुर लाकर विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पूछताछ के लिए 8 दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया है,अदालत ने आरोपियों को 23 नवंबर 2026 तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है, EOW-ACB के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले हैं,

वीर सिंह जाटव की उम्र 35 वर्ष और अरविंद जाटव की उम्र 41 वर्ष है,दोनों ग्राम घना की गड़िया, थाना उमरी, जिला भिंड के निवासी हैं,इस मामले में दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है,

जांच एजेंसी के अनुसार, दोनों आरोपियों ने प्रश्नपत्र छपाई से जुड़ी समिति के एक अन्य आरोपी वीरेन्द्र जाटव के साथ मिलकर पेपर लीक करने की साजिश रची थी, आरोप है कि इस साजिश के तहत परीक्षा की गोपनीयता भंग की गई और परीक्षा होने से पहले ही प्रश्नपत्र कुछ अभ्यर्थियों तक पहुंचा दिया गया,

जांच में यह भी सामने आया है कि पेपर हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को इसकी मदद से परीक्षा की तैयारी करने के लिए विशेष स्थान उपलब्ध कराया गया था,इसके बदले आरोपियों ने अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली थी, यानी परीक्षा में सफलता दिलाने के नाम पर अवैध रूप से पैसे लेने का पूरा नेटवर्क काम कर रहा था,

EOW अब यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक करने की योजना में और कौन-कौन लोग शामिल थे,इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि कितने अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया गया और इस पूरे खेल में कितनी रकम का लेन-देन हुआ,,,