कोरबा। हाल के दिनों में छत्तीसगढ़ राज्य सहित कई जिलों में नकली ई-चालान संदेशों के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाने के मामले सामने आए हैं। ठग गिरोह ट्रैफिक नियम तोड़ने के नाम पर डराने वाले संदेश भेजकर फर्जी लिंक उपलब्ध कराते हैं और उन पर क्लिक करने से लोगों की व्यक्तिगत जानकारी तथा बैंक खाते से पैसे चोरी हो जाते हैं।
कोरबा परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा ने इस संबंध में आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध मैसेज या लिंक (जैसे अटैच फाइल) पर क्लिक न करें। वास्तविक चालान की जानकारी केवल परिवहन विभाग की अधिकृत वेबसाइट पर ही उपलब्ध है। लोग अपने ई-चालान की जांच के लिए विभागीय पोर्टल पर जाकर चालान नंबर और कैप्चा कोड डालकर मोबाइल ओटीपी सत्यापित करने के बाद ही चालान विवरण प्राप्त कर सकते हैं।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा जारी ई-चालान संबंधी संदेश केवल पंजीकृत मोबाइल नंबर पर आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही भेजे जाते हैं।
कोरबा परिवहन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें और न ही किसी अजनबी को ऑनलाइन पैसे का भुगतान करें। किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।


