नई दिल्ली / आपके फोन पर अचानक एक मैसेज आता है – “क्या आप बच्चे के पिता बनना चाहेंगे? अच्छा पैसा मिलेगा…” सुनने में अजीब लगता है, लेकिन यही आजकल के ठगों का नया तरीका बन गया है,सोशल मीडिया और चैटिंग ऐप्स पर चल रही यह नई जेनरेशन की ठगी का तरीका अब पुलिस के लिए भी सिरदर्द बन गया है।

दरअसल, ठग पहले आकर्षक प्रोफाइल वाली महिलाओं के नाम से फेक अकाउंट बनाते हैं। फिर पुरुषों को निशाना बनाते हुए उनसे बातचीत शुरू करते हैं। शुरुआत में हल्की-फुल्की बातें, फिर दोस्ती और रोमांटिक बातें होती हैं। इसके बाद अचानक “प्रेग्नेंसी सर्विस”, “स्पर्म डोनेशन” या “सीक्रेट रिलेशनशिप” जैसी बातों के बहाने उन्हें झांसे में ले लिया जाता है।

कुछ मामलों में महिलाएं या उनके साथी वीडियो कॉल पर बात करते हैं और रिकॉर्डिंग कर लेते हैं। बाद में इसी वीडियो को ब्लैकमेलिंग का हथियार बना लिया जाता है। ठग धमकी देते हैं कि अगर पैसे नहीं दिए तो वीडियो वायरल कर देंगे या परिवार को भेज देंगे।
दिल्ली, मुंबई, जयपुर और भोपाल जैसे बड़े शहरों में ऐसे कई केस सामने आ चुके हैं। साइबर पुलिस का कहना है कि ठग अब भावनाओं और शारीरिक आकर्षण का इस्तेमाल ठगी के नए हथियार के रूप में कर रहे हैं। पहले जहां बैंक या ओटीपी फ्रॉड आम थे, अब ये “इमोशनल स्कैम” तेजी से बढ़ रहे हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, लोग शर्म या सामाजिक डर के कारण ऐसे मामलों की शिकायत नहीं करते, जिससे अपराधी और हिम्मत पकड़ते हैं। साइबर सेल ने अपील की है कि कोई भी संदिग्ध चैट, कॉल या वीडियो रिक्वेस्ट आने पर तुरंत रिपोर्ट करें और कोई निजी जानकारी या फोटो साझा न करें।
इस नए ठगी नेटवर्क ने यह साफ कर दिया है कि अब अपराधी सिर्फ पैसे से नहीं, बल्कि भावनाओं और इच्छाओं से भी लोगों को फंसा रहे हैं — और यह ट्रेंड समाज के लिए बेहद खतरनाक संकेत है।



