रायगढ़ /रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में ग्राम राजपुर (बेलपाली) में गांव के ही एक अधेड़ व्यक्ति की तालाब में नहाने के दौरान पानी में डूबने से मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक की शिनाख्त गणेश राम मांझी (53 वर्ष), पिता भुर्री मांझी, निवासी राजपुर (बेलपाली) के रूप में की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, गणेश राम मांझी दोपहर करीब 1 बजे बस्ती के बीच स्थित ‘जूना तराई’ तालाब में नहाने के लिए पहुंचे थे। जब वे पानी में उतरे, तो अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गए और डूबने लगे। उसी दौरान तालाब के दूसरे घाट (पचरी) पर ग्रामीण नहा रहे थे, जिनकी नजर डूबते हुए गणेश राम पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल शोर मचाते हुए उन्हें बचाने के लिए पानी में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। हालांकि, तब तक गणेश राम की सांसें थम चुकी थीं और उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना तुरंत भूपदेवपुर पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और डूबने के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। अचानक हुई इस मौत से मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।




