कोरबा, 26 जुलाई 2025।डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, एसईसीएल कोरबा में शनिवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अनामिका भारती एवं वरिष्ठ शिक्षकों द्वारा भारत माता एवं वीर शहीद सैनिकों के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं माल्यार्पण कर की गई।
विद्यालयीन प्रार्थना सभा को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत बनाते हुए कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों द्वारा देश के वीर सिपाहियों के त्याग और समर्पण को समर्पित नारे एवं सुविचार प्रस्तुत किए गए, जिससे वातावरण देशभक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम की अगली कड़ी में कक्षा सातवीं की छात्राओं ने “सरफरोश की तमन्ना अब हमारे दिल में है” गीत पर आधारित देशभक्ति नृत्य की मार्मिक प्रस्तुति दी, जिसे देख शिक्षकगण एवं विद्यार्थीगण भावविभोर हो उठे।
इसके उपरांत कक्षा आठवीं की छात्रा आराध्या तिवारी ने हिंदी में एवं कक्षा सातवीं की छात्रा वाणी कर्ष ने अंग्रेजी में कारगिल विजय दिवस पर आधारित संक्षिप्त भाषण प्रस्तुत किया।


कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अनामिका भारती ने सभा को संबोधित करते हुए शहीदों के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा, “हम मातृभूमि की सेवा सरहद पर जाकर न कर सकें तो भी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, सच्चाई, अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन कर एक मजबूत राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों से अच्छे नागरिक बनकर देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस भव्य आयोजन का संचालन कक्षा आठवीं की छात्राएं दिव्यांशी सिंह एवं अनुष्का मिरी ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सीसीए प्रभारी, शिक्षकों एवं गैर-शिक्षकीय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।




