रायगढ़/ जीवन साथी डॉट कॉम में मिली युवती से मोबाईल पर बात करना एनटीपीसी तिलाईपाली के उप प्रबंधक को उस वक्त महंगा पड़ गया जब युवती नें उन्हें पैसा कमाने का लालच देते हुए एक एप डाउनलोड करवा कर उसमें 9 लाख रूपए जमा करवाया और उसके बाद अकाउन्ट को ही बंद कर दिया गया।
ठगी का शिकार होने के बाद उप प्रबंधक ने जब उक्त युवती के बारे में पता किया तो फर्जी निकली,उन्होंने इस मामले की रिपोर्ट घरघोड़ा थाने में कराई है,पुलिस ने फोन पर चैटिंग करने व रकम जमा कराये गये खाता धारक के विरूद्ध धोखाधड़ी का जुर्म दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।


इस संबंध में प्राप्त जानकारी के मुताबिक घरघोड़ा क्षेत्र के तिलाईपाली स्थित एनटीपीसी कोयला खदान में उप प्रबंधक के पद पर पदस्थ साईराजा रायापुरेड्डी विशाखापटनम के मुल निवासी हैं तथा वर्तमान में कंचनपुर में एनटीपीसी के भवन में रह रहे हैं।
साईराजा रायापुरेड्डी ने घरघोड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि एक जनवरी की रात तकरीबन 7 बजे नेट सफरिंग के दौरान आनलाईन साईट जीवन साथी डाट कॉम में एक दीप्ति रेड्डी नाम की लडक़ी मिली। इसके बाद दोनों के मध्य अक्सर मोबाईल पर वाट्अप वाइस कॉल तथा सामान्य वाईस कॉल के माध्यम से बातचीत होती रहती थी।
उसके दो नंबर में से एक पर वाईस कॉल तो दुसरे नंबर पर सिर्फ वाट्सअप कॉल होता था। युवती ने अपना नाम दीप्ति जुर्रू तथा पता सीतमधारा विशाखापट्नम बताया था, इस पर साईराजा ने अपने रिश्तेदारों के जरीये उक्त लडक़ी के बारे में पता लगवाया तो दीप्ति जुर्रू नाम की लडक़ी उक्त पते पर रहने की बात उनके द्वारा भी बताई गयी।
युवती के सही नाम पता बताया जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने आगे भी बातचीत जारी रखी। दोनों के मध्य बातचीत के दौरान उक्त युवती ने साईराजा रायापुरेड्डी को अपने झांसे में लेकर ग्लोबल टीआरएक्स में पैसा लगाओं, ज्यादा पैसा मिलेगा कह कर उनके मोबाईल में ग्लोबल टीआरएक्स का एप्लीकेशन डाउनलोड कराया।
उक्त एप्लीकेशन पर उन्होने स्वयं का अकाउन्ट बनाया। अकाउंट बनाने के बाद वह युवती बोली कि एप्लीकेशन के कस्टमर सर्विस कार्नर में जाकर वालेट पर रकम जमा करने के लिए रिक्वेस्ट भेजो तब वह खाता नंबर देगा उसमें रकम ट्रांसफर कर देना तब वैलेट में दिखेगा।
युवती के बताये अनुसार उन्होने कस्टमर सर्विस वाट्सअप पर खाता नंबर की मांग की तब उसके खाता डिटेल एयू स्माल फायनेंस बैंक, खाता धाराक दिव्या फैसेलिटी मेन पावर सर्विस के खाते में अपने इडियन पोस्ट पेमेंट बैंक के खाते से मोबाईल बैंकिंग से आरटीजीएस के माध्यम से एक बार पांच लाख व दो बार दो-दो लाख रूपए याने कुल 9 लाख रूपए जमा कर दिया।
इसके बाद उक्त रकम ग्लोबल टीआरएक्स के एप्लीकेशन वालेट में दिखाई दी। वहीं युवती के बताये अनुसार ट्रेडिंग करते रहे जिससे वालेट काफी बढ गया था जिससे उक्त रकम को निकालना चाहा तो युवती ने बताया कि और रकम जमा करना पड़ेगा फिर सभी रकम एक साथ निकलेगी।
ऐसे में धोखा होने की आशंका हुई, तब उन्होंने कस्टमर सर्विस वाट्सअप पर तथा लडक़ी को काल करके स्पष्टीकरण मांगा तो उनके ग्लोबल टीआरएक्स के अकाउन्ट को बंद ही कर दिया गया।
अकाउन्ट बंद होने पर जब उन्होंने अपने रिश्तेदारों से उसी पते में रहने वाली दीप्ति नाम की लडक़ी का फोटो मंगाया तो वह लडक़ी जीवन साथी डाट कॉम में लगे फोटो से अलग थी, तब मुझे स्पष्ट हुआ कि उक्त दीप्ति नाम की लडक़ी फर्जी नाम व पता बताकर ग्लोबल टीआरएक्स में फर्जी अकाउंट बनाकर मिली तथा झांसा देते हुए 9 लाख रूपए की धोखाधड़ी कर दी है।
वहीं घरघोड़ा पुलिस ने साईराजा रायापुरेड्डी की रिपोर्ट पर बात होने वाले मोबाईल नंबर व खाता धारक के विरूद्ध बीएनएस की धारा 318 (4) तथा 66 डी आईटी एक्ट के तहत जुर्म दर्ज करते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।



