जगदलपुर /जगदलपुर में संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स से सोने के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, सिटी कोतवाली पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है,इनके कब्जे से चोरी किए गए 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं,
इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो ऑटो और बाइक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है, मामले में एक नाबालिग लड़की को हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है,

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी एक ही परिवार के सदस्य हैं,वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चोरी का सामान लेकर जंगल में छिप गए थे, पुलिस ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए ड्रोन और थर्मल कैमरों की सहायता से जंगल में उनकी तलाश की, मामले में तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं,
पुलिस के अनुसार चोरी की घटना 7 नवंबर की शाम करीब साढ़े चार बजे हुई थी,त्योहार के चलते संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में ग्राहकों की काफी भीड़ थी, इसी दौरान महिलाओं और बच्चों का एक समूह आभूषण खरीदने के बहाने दुकान में पहुंचा, समूह में शामिल महिलाओं ने अलग-अलग आभूषण देखने के बहाने दुकानदार को बातचीत में उलझाया,
इसी बीच एक महिला ने मौका पाकर दुकान की दराज में रखा सोने के आभूषणों से भरा प्लास्टिक का डिब्बा निकाल लिया,पुलिस के अनुसार, महिला ने यह डिब्बा अपने साथ मौजूद एक नाबालिग लड़की को सौंप दिया,इसके बाद समूह में शामिल सभी लोग दुकान से बाहर निकल गए,ग्राहकों की भीड़ के बीच दुकानदार को उस समय चोरी का पता नहीं चल पाया,
शाम करीब साढ़े सात बजे दुकानदार को सोने के टॉप्स से भरा डिब्बा नहीं मिला,इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई, सीसीटीवी फुटेज में दुकान पहुंची महिलाओं और बच्चों के समूह की संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं, फुटेज के आधार पर चोरी की जानकारी सामने आने के बाद दुकानदार ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई,
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध करते हुए मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और तस्वीरों का सहारा लिया गया, इसके साथ ही साइबर सेल की मदद से संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई गई, चोरी की जांच के दौरान पुलिस को एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली,
साइबर सेल की सहायता और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने स्कॉर्पियो क्रमांक CG 17 C 3511 की पहचान की, वाहन के मालिक से पूछताछ करने पर पुलिस को पता चला कि उसने अपनी स्कॉर्पियो दुआ मोटर्स में बेच दी थी, इसके बाद पुलिस टीम ने दुआ मोटर्स से वाहन की बिक्री के संबंध में जानकारी प्राप्त की,
जांच में सामने आया कि संबंधित स्कॉर्पियो को कोड़ेनार थाना क्षेत्र के पथरीली उड़वा निवासी मासों कश्यप ने खरीदा था,इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज कर दी, सीएसपी अंशिका जैन ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया, इन टीमों ने पथरीली उड़वा गांव में दबिश दी, हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही संदिग्ध चोरी का सामान लेकर जंगल की ओर निकल गए थे।




