Skip to content

गैस कटर से एटीएम मशीन तोड़कर,कैश निकालने की कोशिश करता पकड़ाया प्लांट (वेल्डर) कर्मी…

रायगढ़ / पुलिस की मुस्तैदी से एटीएम तोड़कर रुपये चोरी की बड़ी वारदात हुई नाकाम, गैस कटर से एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त कर कैश निकालने की कोशिश करते पकड़ाया प्लांट (वेल्डर) कर्मी रंगे हाथों गिरफ्तार, रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान सतर्क पुलिस टीम के आरक्षकों के साहसिक कार्रवाई और सूझबूझ पर तीन आरक्षकों को एसएसपी शशि मोहन ने नगद पुरस्कार से किया प्रोत्साहित,

मिली जानकारी के अनुसार थाना पूंजीपथरा पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी से देर रात एटीएम से बड़ी चोरी की वारदात होने से पहले ही विफल कर दी, दरअसल रात्रिकालीन पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गेरवानी चौक स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया है,

सूचना पर तत्काल पूंजीपथरा की गस्त पार्टी पहुंची पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को गैस कटर से मशीन तोड़कर रुपए चोरी का प्रयास करते रंगे हाथ दबोच लिया, पुलिस के त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी आर्थिक अपराध की घटना टल गई, घटना बीते रात 03.00 बजे के आसपास की है।

पुलिस को गेरवानी स्थित एटीएम पर संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली जिस पर तत्काल एक्शन लिया गया,थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के निर्देशन पर गश्त टीम के आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा मौके पर पहुंचे, जहां आरोपी एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त कर कैश निकालने की कोशिश कर रहा था,पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी पंकज कुमार पासवान को काबू किया और आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गैस कटर बरामद किए गए।

पुलिस के पूछताछ में आरोपी पंकज पासवान ने बताया कि वह प्लांट में वेल्डिंग का काम करता था, कर्ज के दबाव व मोटी रकम के लालच के चलते उसने एटीएम से चोरी की योजना बनाई थी, लेकिन पूंजीपथरा पुलिस की सतर्कता से उसका मंसूबा नाकाम हो गया,इस घटना से एटीएम मशीन को 3,50,000 रूपये का नुकसान है ।

घटना के संबंध में इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी दीपक दास महंत उम्र 35 वर्ष की रिपोर्ट पर आरोपी के विरूद्ध थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 88/2026 धारा 305, 316,331(4),62 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी पंकज कुमार पासवान पिता योगेन्द्र पासवान 29 साल निवासी ग्राम डूबरीडीह थाना हरिहरगंज जिला पलामू झारखंड हाल मुकाम छटघाट नीचे पारा गेरवानी थाना पूंजीपथरा रायगढ़ को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है,

एक ओर जहाँ इस साहसिक और सतर्क कार्रवाई की सराहना करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी रामकिंकर यादव एवं पूरी टीम की पीठ थपथपाई तथा उत्कृष्ट कार्य के लिए तीनों आरक्षक- चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा को नगद ईनाम राशि आदेश जारी कर प्रोत्साहित किया है।

परन्तु यहाँ सबसे बड़ा सवाल ये है कि रायगढ़ जिला अब एक औद्योगिक नगरी के रूप में विकसित हो चुकी है, जहाँ सभी प्रान्तों के लोगो का बे-रोक टोक आना जाना लगा रहता है जिसके आड़ में अपराधिक तत्व के लोग भी यहाँ बेधडक आकर रहते है और गंभीर अपराधों को अंजाम देकर निकल जाते है और सबसे बड़ी बात ये है कि यहाँ ठेका प्रथा में काम करनेवाले लोगो का पुलिस वेरिफिकेशन न होना भी एक बड़ा सरदर्द है…????