शिवाजीनगर और एमपी नगर की वर्षों पुरानी समस्या होगी दूर, कॉलोनीवासियों ने मंत्री और महापौर का किया भव्य स्वागत
कोरबा। नगर विधायक एवं प्रदेश के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 25 शिवाजीनगर और वार्ड क्रमांक 27 महाराणा प्रताप नगर (एमपी नगर) कॉलोनी में 14.42 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली अंडरग्राउंड सीवरेज लाइन निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। एमपी नगर स्थित उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में नारियल फोड़कर कार्य की शुरुआत की गई।
मंत्री श्री देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि दोनों कॉलोनियां शहर की प्रमुख आवासीय बस्तियों में शामिल हैं, लेकिन यहां की सीवरेज व्यवस्था पिछले कई वर्षों से गंभीर समस्या बनी हुई थी। नई सीवरेज लाइन की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान क्षेत्रवासियों ने इस बहुप्रतीक्षित कार्य को लेकर आग्रह किया था, तब उन्होंने नई सीवरेज लाइन निर्माण का वादा किया था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा 15वें वित्त आयोग मद से राशि की स्वीकृति मिलने के बाद आज यह कार्य शुरू हो सका है।
इस परियोजना के तहत लगभग 14.4 किलोमीटर लंबी अंडरग्राउंड सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी, जिससे दोनों कॉलोनियों के 3350 से अधिक मकानों को सीधा लाभ मिलेगा। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सुशासन की सरकार की पहचान विकास और तेज विकास है तथा ट्रिपल इंजन सरकार में कोरबा के विकास के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
शहर की हर छोटी-बड़ी समस्या के समाधान को प्रतिबद्ध:महापौर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि मंत्री श्री देवांगन के नेतृत्व में नगर निगम शहर की हर छोटी-बड़ी समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। विकास कार्यों के लिए लगातार फंड प्राप्त हो रहा है और शहर को सुव्यवस्थित व सुंदर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
इस अवसर पर दोनों वार्डों के बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्रवासियों ने मंत्री श्री देवांगन और महापौर श्रीमती राजपूत का महामाला पहनाकर भव्य अभिनंदन किया और आभार जताया। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि वर्षों से लंबित इस कार्य को स्वीकृति मिलने से अब कॉलोनी की सबसे बड़ी समस्या का समाधान संभव हो सकेगा।




