कोरबा।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए कोरबा में आज से एक ऐतिहासिक और भव्य आयोजन का शुभारंभ होने जा रहा है। मीना जैन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज आज महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत जी की गरिमामयी अध्यक्षता में किया जाएगा। आधुनिक तकनीक, शानदार व्यवस्थाओं और रात्रिकालीन रोमांच के साथ यह आयोजन कोरबा के क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा।
यह टूर्नामेंट 2 जनवरी से 5 जनवरी तक आयोजित होने वाला कोरबा का पहला इंटर-स्कूल फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट है। इसके पश्चात 6 जनवरी से 10 जनवरी तक स्टेट लेवल ओपन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट खेला जाएगा।
टूर्नामेंट के सभी मुकाबले पूरी तरह फ्लड लाइट में खेले जाएंगे। प्रतिदिन शाम 6 बजे से मैचों का आयोजन घंटाघर ओपन थिएटर, कोरबा में किया जाएगा, जहां दर्शक रात्रिकालीन क्रिकेट का अनूठा और रोमांचक अनुभव ले सकेंगे।
स्टेट लेवल टूर्नामेंट को और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए प्रथम पुरस्कार ₹1,00,000 तथा द्वितीय पुरस्कार ₹50,000 निर्धारित किया गया है, जिसके चलते प्रदेश भर की कई मजबूत और प्रतिष्ठित टीमें इसमें भाग ले रही हैं।
आयोजन की एक बड़ी खासियत यह है कि सभी मैचों का लाइव प्रसारण ‘कोरबा लाइव’ के माध्यम से किया जाएगा। इसके साथ ही दर्शकों को लाइव कमेंट्री, थर्ड अंपायर कॉल और रिव्यू सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी, जो आमतौर पर बड़े प्रोफेशनल टूर्नामेंट में ही देखने को मिलती हैं।
दर्शकों के लिए भी आयोजन में विशेष आकर्षण रखा गया है—
मैच के दौरान दर्शकों द्वारा कैच पकड़ने पर आयोजकों की ओर से आकर्षक इनाम प्रदान किए जाएंगे।
आज 2 जनवरी को उद्घाटन मुकाबले के रूप में नगर निगम 11 बनाम प्रेस क्लब 11 के बीच एक सद्भावना मैच खेला जाएगा, जो खेल भावना और सामाजिक सौहार्द का संदेश देगा।
वहीं टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में श्री लखन देवांगन जी, माननीय उद्योग एवं वाणिज्य कर मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन, की विशेष उपस्थिति रहेगी।
मीना जैन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा मंच देगा, बल्कि कोरबा को प्रदेश के क्रिकेट मानचित्र पर एक नई और मजबूत पहचान भी दिलाएगा।




