📰कोरबा।
जिले की वर्षों पुरानी मांग, एल्युमिनियम पार्क की स्थापना अब साकार होती दिख रही है। उद्योग मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन के पहल पर उत्पादन कंपनी के बोर्ड ने कोहड़िया स्थित कोरबा ताप विद्युत गृह की 105 हेक्टेयर जमीन को उद्योग विभाग को हस्तांतरित करने की मंजूरी दे दी है। जमीन का सत्यापन एवं सीमांकन का काम जिला प्रशासन और राजस्व विभाग को सौंपा गया है।
राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट में एल्युमिनियम पार्क हेतु 5 करोड़ रुपये का प्रावधान पहले ही किया है। जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होते ही उद्योग विभाग पार्क की स्थापना की तैयारी शुरू करेगा।

कोरबा में बनने वाला यह एल्युमिनियम पार्क औद्योगिक गतिविधियों को नई गति देगा। स्थानीय और बाहरी उद्योगपतियों को यहां संयंत्र लगाने का अवसर मिलेगा। पार्क में एल्यूमिनियम से बने विविध उत्पाद एक ही स्थान पर तैयार होंगे। इससे न केवल छोटे और मध्यम उद्योगों को लाभ होगा, बल्कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के साधन भी सृजित होंगे।
एल्यूमिनियम की खपत आज बिजली संयंत्रों से लेकर निर्माण, रेलवे, पैकेजिंग, वाहनों और घरेलू उपयोगी सामानों में लगातार बढ़ रही है। ऐसे में कोरबा के लिए यह पार्क औद्योगिक और आर्थिक दृष्टि से मील का पत्थर साबित होगा।
उद्योग मंत्री देवांगन ने कहा कि – “एल्युमिनियम पार्क की स्थापना से कोरबा की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी, छोटे उद्योगों को बल मिलेगा और जिले को औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान प्राप्त होगी।”


