रायगढ़/घरघोड़ा से कुडुमकेला के बीच कुरकुट नाला के पास एक तेज रफ्तार हाईवा और ट्रेलर के बीच हुई आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गयी, दोनों वाहनों के चालकों की केबिन के भीतर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियां पलक झपकते ही आग के गोले में तब्दील हो गईं और ड्राइवरों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि दूर लोग भी चाहकर भी उनकी मदद नहीं कर पाए और देखते ही देखते दोनों चालक आग की भेंट चढ़ गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और जलते हुए वाहनों पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। पुलिस बल ने भी मोर्चा संभाल लिया है, लेकिन वाहनों के बीच सड़क पर धू-धू कर जलने के कारण रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है।
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और फिलहाल यातायात पूरी तरह ठप पड़ा है। पुलिस की टीम अब केबिन से अवशेषों को निकालने और उनकी शिनाख्त करने की प्रक्रिया में जुटी है। फिलहाल पुलिस की कार्यवाही पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी जानकारी सामने आ पाएगी।




