कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कसनिया मार्ग में बुधवार रात करीब 11 बजे अचानक गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। फायरिंग की सूचना पर पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कसनिया निवासी सिकंदर मेमन के घर के सामने से एक अज्ञात युवक एचएफ डीलक्स बाइक पर सवार होकर फायरिंग करता हुआ गुजरा। गोलीबारी में एक राउंड शटर पार कर गया जबकि दूसरी दरवाजे पर जा लगी। गनीमत रही कि इस वारदात में कोई हताहत नहीं हुआ। उस वक्त परिवार खाना खाकर सोने की तैयारी कर रहा था। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने दहशत फैलाने की नीयत से गोली चलाई।

बाइक दुर्घटनाग्रस्त, कपड़े बदलकर दिया चकमा
फायरिंग के बाद आरोपी कसनिया से हाईवे की ओर भाग रहा था, इसी दौरान बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और वह गिर पड़ा। मौके की नजाकत समझते हुए उसने शर्ट बदलकर लोगों को चकमा देने की कोशिश की। लेकिन गांव के युवकों को शक हुआ और उन्होंने उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी बस में सवार होकर कटघोरा भागने की फिराक में था, मगर स्थानीय लोगों और कटघोरा पुलिस ने मिलकर बस स्टैंड से पहले ही उसे दबोच लिया।
एसपी और एडिशनल एसपी पहुंचे मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी खुद मौके पर पहुंचे। उनके साथ एडिशनल एसपी नीतीश ठाकुर भी मौके पर मौजूद रहे और हालात का जायजा लिया।
मीडिया से बातचीत में एसपी ने बताया, “दो राउंड फायरिंग हुई है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। फिलहाल घटना का मकसद स्पष्ट नहीं है, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।”
इधर, फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर घर के आंगन सहित आसपास की जगहों की बारीकी से जांच कर रही है।


