रायपुर/राजधानी रायपुर में न्यायालयों द्वारा जारी लंबित वारंटों की तामील को लेकर चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों को पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त तुकाराम कांबले ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया,
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित इस विशेष अभियान में डीसीपी सेंट्रल जोन के सभी थाना क्षेत्रों में कुल 143 वारंटों की प्रभावी तामील की गई, जिसे कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है,

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला (भा.पु.से.) ने कहा कि न्यायालयों द्वारा जारी वारंटों की समयबद्ध तामील कानून के प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण हिस्सा है,

वारंटों की लंबित संख्या कम होने से अपराधियों पर कानूनी शिकंजा मजबूत होता है और न्यायिक प्रक्रिया को भी गति मिलती है, उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता और योजनाबद्ध कार्रवाई से समाज में कानून के प्रति विश्वास और मजबूत होता है,
विशेष वारंट तामीली अभियान डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया, अभियान के दौरान सेंट्रल जोन के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष टीमों का गठन कर लंबे समय से फरार वारंटियों की तलाश की गई,
पुलिस अधिकारियों ने तकनीकी विश्लेषण, स्थानीय सूचना तंत्र और मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर योजनाबद्ध रणनीति तैयार की, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में लंबित वारंटों की सफलतापूर्वक तामील सुनिश्चित की गई।




