रायगढ़/ जेएसडब्ल्यू कंपनी के एसएमएस विभाग की असिस्टेंट इंजीनियर खुशबू चौबे द्वारा आखिर किन कारणों से आत्महत्या की है इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है ? फ़िलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम कार्रवाई के साथ ही मामले की जांच प्रारंभ कर दी है, वहीं मृतका का मोबाईल फोन व लैपटॉप भी खंगाला जा रहा है, जिससे कुछ क्लू मिलने की संभावना है।
दरअसल भूपदेवपुर थानांतर्गत नहरपाली में स्थित जेएसडब्ल्यू कंपनी में झारखण्ड के जमशेदपुर निवासी खुशबू चौबे एसएमएस विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर पदस्थ थी और वहीं प्लांट परिसर में ही कंपनी के हॉस्टल में रहती थी,बीते गुरूवार को खुशबू अपने कमरे में थी और दरवाजा अंदर से बंद था,


काफी देर तक खुशबू के बाहर नहीं आने पर हॉस्टल के अन्य लोगों ने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं आने पर किसी अनहोनी की आशंका हुई,इस पर हॉस्टल के स्टॉफ दरवाजा तोड़ कर भीतर पहुंचे तो वहां का नजारा देख उनके होश उड़ गये, कमरे के पंखे में खुशबु की फांसी लटकती हुई लाश मिली।
हॉस्टल प्रबंधन ने तत्काल इसकी जानकारी भूपदेवपुर थाने में दी,सूचना पर पहुची पुलिस ने शव को अस्पताल पहुंचाया,वहीं शुक्रवार को उसके परिजनों की उपस्थिति में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है, खुशबू ने आत्महत्या क्यों की है यह सवाल अभी भी एक अबुझ पहेली बना हुआ है,
पुलिस विभाग के सूत्रों की मानें तो मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होना बताया जा रहा है,हालांकि, इस बात की कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं है,वहीं पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मामले को जांच में लेते हुए उसके परिजनों तथा हॉस्टल के अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है, खुशबू के मोबाईल और लैपटाप भी खंगाला जा रहा है।
बताया जा रहा है कि खुशबू ने दोपहर को अपने परिजनों से बातचीत की थी परंतु उनके बीच क्या बात हुई थी इसकी भी पुलिस जांच कर रही है, माना जा रहा है कि मामले से जुड़ी सभी कडिय़ों को पुलिस जोडऩे में लगी है और जल्द ही वास्तविक बात सामने आ जायेगी।




