Skip to content

अनपढ़ बुजुर्ग महिला के खाते से पड़ोसी ने उडाये लाखों की रकम,पुलिस में मामला दर्ज–

गौरेला‑पेंड्रा‑मरवाही/ थाना मरवाही क्षेत्र की ग्राम पथर्री निवासी 59 वर्षीय तिजाना बाई गोंड पति स्व. ठाकुरराम ने अपने बैंक खाते से पांच लाख रुपये की ग्रेच्युटी राशि धोखाधड़ी से निकाल लिए जाने की शिकायत थाना प्रभारी को दी है,शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है,

दरअसल पीड़ित तिजाना बाई के अनुसार, उनके पति ठाकुरराम एसईसीएल झिरिया ईजी माइंस, रामनगर में पदस्थ थे, जिनका निधन 31 अक्टूबर 2014 को हो गया था,

Ad

पति की मृत्यु के बाद कोल कंपनी की ओर से ग्रेच्युटी की 5,00,000/- रुपये की राशि 20 जुलाई 2015 को भारतीय स्टेट बैंक, शाखा बिजुरी, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) स्थित उनके खाते में जमा हुई थी,

पीड़िता ने बताया कि वे अनपढ़ होने के कारण बैंक संबंधी प्रक्रिया नहीं जानती थीं और इसी बीच उनके पड़ोस में रहने वाला सोनू प्रजापति एवं उसकी बेटी अनीता प्रजापति, निवासी ग्राम चंगेरी, थाना मरवाही, उनके संपर्क में रहते थे,

7 अगस्त 2015 को जब उन्हें 10 हजार रुपये की जरूरत पड़ी तो सोनू और अनीता उन्हें अपने मोटरसाइकिल से बिजुरी स्थित बैंक ले जाने के लिए निकले, लेकिन कोतमा में नाश्ता करने के बहाने रुककर सोनू ने कागजात लाकर उन पर अंगूठा लगवाया और कहा कि वह बैंक से पैसे निकालकर ले आएगा,

तिजाना बाई का आरोप है कि सोनू प्रजापति और उसकी बेटी अनीता प्रजापति ने नाश्ता दुकान में ही उनसे 5 से 6 कागजों पर अंगूठा लगवाया और बाद में बैंक जाकर खाते से रकम निकालते रहे,कुछ घंटे बाद वे लौटे और केवल 10 हजार रुपये ही तिजाना बाई को थमाए जिसे लेकर वह घर आ गईं,

कई महीने बाद जब तिजाना बाई को घर निर्माण के लिए लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये की आवश्यकता हुई और वे बेटे घनश्याम सिंह के साथ भारतीय स्टेट बैंक, बिजुरी शाखा पहुंचीं, तो उन्हें पता चला कि खाते में जमा राशि लगभग समाप्त हो चुकी है,

खाते का 7 अगस्त 2015 से 1 जनवरी 2016 तक का स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि 7 अगस्त 2015 को 95,000 रुपये, 14 अगस्त 2015 को 99,000 रुपये, 17 अगस्त 2015 को 99,000 रुपये, 18 अगस्त 2015 को 99,000 रुपये, 20 अगस्त 2015 को 99,000 रुपये तथा 16 अक्टूबर 2015 को 8,000 रुपये की निकासी दर्ज है.

पीड़िता का संदेह है कि इन सभी निकासियों के पीछे सोनू प्रजापति और उसकी बेटी अनीता प्रजापति का हाथ है, जिन्होंने भरोसे में लेकर और कागजों पर अंगूठा लगवाकर उनके खाते से पूरी ग्रेच्युटी राशि हड़प ली,

इस संबंध में तिजाना बाई ने  थाना मरवाही में लिखित आवेदन देकर दोनों आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है,

थाना मरवाही में पदस्थ उपनिरीक्षक श्यामलाल गढ़ेवाल ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रकरण में तथ्यों की जांच की जा रही है,जांच के दौरान बैंक स्टेटमेंट, संबंधित दस्तावेजों और पक्षकारों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी,