रायगढ़ / अतिक्रमण नामक एक लाइलाज बीमारी रायगढ़ शहर के लिए नासूर बन चुकी है,इस बीमारी की दवा अब किसी हकीम-लुकमान किसी के पास नहीं है..?? जहाँ प्रशासन को इसे रोकने का उपाय करना चाहिए, लेकिन उलट वही अतिक्रमित जमीनों पर भूमि स्वामी हक देने की पैरवी कर रहा है,

ऐसे मामलों में एक मामला टीपाखोल नहर का भी सामने आया है,यहाँ टीपाखोल डेम से निकले नहर को पाटकर उस पर कब्जा करने वालों को बेदखली का नोटिस भी दिया गया,लेकिन उसके बाद प्रशासन ने पलटी मरते हुए अब जमीन राजस्व विभाग को सौंपने की फाइल बढ़ा दी, सिंचाई के संसाधनों की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रयास नहीं किए जा रहे हैं, जो जलाशय किसान को सुविधा देने के लिए बनाए गए थे, अब वे टूरिस्ट स्पॉट बनते जा रहे हैं, टीपाखोल डैम से अतिक्रमण हटाने के लिए वर्ष 2020 में 46 फर्मों और निजी लोगों को नोटिस दिए गए थे,
इस जलाशय का निर्माण खेतों में सिंचाई के लिए हुआ था, 1974-75 में जल संसाधन विभाग ने टीपाखोल डैम से 7 गांवों के किसानों की 9 सौ हेक्टेयर खेतों को सींचने के लिए खैरपुर से लेकर ढिमरापुर, जगतपुर गुड़ाखू फैक्ट्री तक एक बड़ी और कुछ छोटी नहरों का निर्माण किया था,
विभाग ने इसके लिए करीब 11 हे. कृषि भूमि अधिग्रहित की थी, इस नहर की लंबाई करीब 16 किमी थी, लेकिन लो प्रेशर, पानी की कमी और नहरें क्षतिग्रस्त होने से अंतिम छोर तक पानी आना बंद होने लगा,भगवानपुर और जगतपुर इलाके में नहर को सूखी देखकर लोगों ने अतिक्रमण करना शुरू किया और नहर को पाटकर गायब कर दिया गया,
2018 में जब ये मामला उठा तो जांच हुई और करीब 46 फर्म और लोगों के अवैध कब्जे पाए गए,2020 में सभी को नोटिस जारी किए गए थे,इसके बाद बेदखली होनी थी, लेकिन मामला पलट गया, तत्कालीन कलेक्टर ने सचिव जल संसाधन विभाग को पत्र लिखकर कहा कि योजना की दाईं तट नहर की भूमि पर अतिक्रमण कर पक्का मकान, कॉम्पलेक्स आदि बना लिए गए हैं,
यही नहीं इसपर जेएसपीएल ने भी अतिक्रमण किया है,अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व विभाग की टीम बनाई गई थी लेकिन कब्जा नहीं हटा पाए,इसलिए अब कब्जाधारकों को व्यवस्थापन कराया जाना है,इसके लिए भूमि को जल संसाधन विभाग से राजस्व विभाग को हस्तांतरित किया जाना होगा,
जल संसाधन विभाग ने 4 मार्च 2020 को 46 अतिक्रामकों को जारी नोटिस में कहा था, कि 15 दिनों के अंदर अतिक्रमण नहीं हटाने पर सिंचाई अधिनियन 1931 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी, अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई राजस्व विभाग को करनी थी, जल संसाधन विभाग को कहा गया कि वह नहर के लिए अधिग्रहित भूमि राजस्व विभाग को सौंप दे,
ताकि जमीनों पर भूमिस्वामी हक का पट्टा दिया जाए,जबकि नियमों में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है, नहर के लिए अधिग्रहित भूमि पर जल संसाधन विभाग का नाम दुरुस्त किया जा चुका है, सिंचाई विभाग के रिकॉर्ड में खैरपुर, पतरापाली, सरायपाली, गोरखा, भगवानपुर, जगतपुर और कलमी तक नहरें मौजूद हैं,क्या नहर की जमीन राजस्व विभाग के नाम करने के बाद उसे निजी लोगों को आवंटित किया जा सकेगा ? ऐसा नहीं हो सकता इसलिए मामला अटक गया और अतिक्रमण भी अब तक नहीं हटा है…..




