Skip to content

अंतरराज्यीय संगठित अपराध का पर्दाफाश-पुलिस ने कंटेनर वाहन से 12 टन चोरी का बिजली केबल किया बरामद,नैला का कबाड़ी दिल्ली में खपाता था चोरी का बिजली केबल…

जांजगीर-चाम्पा /जांजगीर पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय संगठित अपराध का पर्दाफाश किया है,यहाँ भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पूरे जिले में पुलिस हाई अलर्ट पर थी,इसी बीच 22 दिसंबर की रात जिला जेल के पास अकलतरा थाना पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी,

देर रात एक मप्र पासिंग ट्रक कंटेनर संदिग्ध हालत में आता दिखा, पुलिस ने कंटेनर को रुकवाया और ड्राइवर से पूछताछ की जिस पर वह घबरा गया पुलिस ने संदेह गहराने पर कंटेनर की तलाशी ली गई।

Ad

कंटेनर खोलते ही पुलिस भी चौंक गई अंदर बिजली के मोटे-मोटे केबल के बंडल, गैस कटर, गैस सिलेंडर और वायर काटने के अत्याधुनिक औजार भरे हुए थे। जांच में कंटेनर से करीब 12 टन चोरी का बिजली केबल बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 80 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा बोलेरो वाहन, दो बाइक, गैस कटर, वायर कटर और सिलेंडर भी जब्त किए गए। कुल जब्ती की कीमत 1 करोड़ 11 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आसिफ खान पिछले पांच सालों से नैला में किराए के मकान में रह रहा था। मोहल्लेवासियों को उसके अवैध कारोबार की कोई जानकारी नहीं थी। आरोपी चोरी के बिजली केबल को दिल्ली-बरेली बॉर्डर के आसपास कबाड़ी इमरान को बेचता था। यहां 40 हजार रुपए प्रति किलो में केबल खरीदकर दिल्ली में 70 हजार रुपए तक के भाव में बेचने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस को आशंका है कि इस पूरे नेटवर्क में बिजली विभाग से जुड़े कुछ लोगों की मिलीभगत भी हो सकती है। गिरोह में कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी अलग-अलग भूमिकाएं थीं—कोई हाईटेंशन टावर पर चढ़ने का विशेषज्ञ, कोई ट्रांसपोर्ट संभालने वाला, तो कोई कबाड़ी से सौदा तय करने वाला।

गिरफ्तार आरोपियों में आसिफ रजा, लव डोंगरे, फिरोज खान, मुकेश यादव, राहुल सोनी, राहुल कारके, अभिषेक यादव, सुमित कारके, राकेश सूर्यवंशी, विश्वनाथ सोनी और रवि कुमार कश्यप शामिल हैं। सभी आरोपियों को धारा 303(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

कंटेनर चालक की पहचान मप्र के भिंड निवासी फिरोज खान (40) के रूप में हुई है, कड़ी पूछताछ में उसने खुलासा किया कि पूरा माल नैला स्थित आसिफ रजा के गोदाम से लोड किया गया था और इसे दिल्ली में कबाड़ी इमरान तक पहुंचाया जाना था, प्रारंभ में मामूली चोरी समझा जा रहा मामला पूछताछ के बाद अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का निकला।

मामले में एसपी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि यह सामान्य चोरी नहीं बल्कि राष्ट्रीय नुकसान (नेशनल लॉस) है,चलती बिजली लाइन से तार काटना देश की ऊर्जा व्यवस्था पर सीधा हमला है,

सफल कार्रवाई के लिए साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक और अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा को इनाम देने की घोषणा की गई है।